पटना, 29 सितंबर: बिहार की राजधानी पटना में देशव्यापी ‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत सौर जागरूकता कार्यक्रम हुआ। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सौर जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन वाहनों के जरिए बिहार के दूर-दराज के इलाकों में लोगों को सौर ऊर्जा के फायदे बताए जाएंगे।
कार्यक्रम का मकसद लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए जागरूक करना था। इसके साथ ही लोगों को बिजली के पारंपरिक स्रोतों पर निर्भरता कम करने के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम के बाद परिसर में सौर ऊर्जा से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें अलग-अलग कंपनियों और विशेषज्ञों ने अपने स्टॉल लगाए।
स्टॉल पर लोगों को पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के बारे में जानकारी दी गई। लोगों को ऑनलाइन पंजीकरण करने का तरीका भी बताया गया।
इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी योजनाओं, बैंकों से मिलने वाले लोन और अधिकृत वेंडरों की जानकारी दी गई।
लोगों को यह भी बताया गया कि घर पर सोलर पैनल लगाने के लिए कितनी जगह चाहिए और इसके लिए आवेदन कैसे किया जाता है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर घर तक स्वच्छ और सस्ती बिजली पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिलेगी। इससे घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के बिजली बिल में भी कमी आ सकती है।